जौनपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। हाल के दिनों में लगातार विवादों में घिरी पुलिस इस बार एक महिला के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर चर्चा में है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।
ये है मामला
मामला सुरेरी थाने के बाहर का बताया जा रहा है, जहां मंगलवार को एक युवक अपनी दो बहनों के साथ बाइक से गुजर रहा था। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन—तीन सवारी और हेलमेट न पहनने—के चलते पुलिस ने उन्हें रोककर चालान किया। इसी दौरान तैनात सिपाही हिमांशु राव पर आरोप है कि उसने बातचीत के दौरान अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगा।
जब युवक की बहनों ने हस्तक्षेप किया, तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि युवक द्वारा सिपाही से नेम प्लेट दिखाने की मांग करने पर वह असहज हो गया और उसे छिपाने लगा। इसी बीच एक युवती ने घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो सिपाही ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और पैर से मारने लगा।
वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
सुरेरी थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चालान की कार्रवाई के दौरान यह विवाद हुआ था, जिसकी जांच कराई जा रही है।