हमीरपुर। महिला पीआरडी जवान सावित्री अपने ही विभाग की महिला कांस्टेबल निशा के लगातार उत्पीड़न से तंग आकर शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे रोते हुए एसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला जवान ने अधिकारियों को बताया कि वह महिला थाने में ड्यूटी कर रही हैं। शुक्रवार को थाने में लगे वायरलेस पर सावित्री ने बताया कि “मैम खाना खाने गई हैं रूम में”, इस साधारण बात पर कांस्टेबल निशा गुस्से में आ गई और पीड़ित जवान को जमकर फटकार लगाई।
ये है मामला
दो दिन से कांस्टेबल निशा लगातार पीआरडी जवान सावित्री को ड्यूटी करने में परेशान कर रही थी। परेशान होकर पीड़िता ने सीओ सदर राजेश कमल से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी और फूट-फूटकर रोने लगी। एसपी कार्यालय में मौजूद सभी कर्मियों में हलचल मच गई।
सीओ सदर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महिला थानाध्यक्ष गायत्री सिंह को मौके पर बुलाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ड्यूटी को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। पीआरडी जवान ने अपनी शिकायत दर्ज कराई और बताया कि कांस्टेबल निशा का व्यवहार उसके लिए लगातार तनाव का कारण बन रहा है।
सीओ ने कहा ये
सीओ सदर राजेश कमल ने कहा कि यदि पीड़िता चाहती हैं तो उसकी ड्यूटी किसी दूसरी जगह बदल दी जाएगी। वहीं, अगर वह कार्रवाई की मांग करती हैं, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सीओ के समझाने के बाद पीआरडी जवान थाने वापस चली गई।
यह घटना विभाग के भीतर अनुशासन और सहकर्मियों के बीच व्यवहार पर सवाल खड़ा करती है। पीआरडी जवान का रोते हुए कप्तान से शिकायत करना यह दिखाता है कि महिला कर्मचारियों को कभी-कभी अपने ही सहकर्मियों से मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है।