मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तर प्रदेश को सुशासित, सुरक्षित और संगठित राज्य बनाने का प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 1,494 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में चल रही प्रगति की झलक भी प्रस्तुत की।
नयी भर्ती को लेकर कहा ये
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश में एक मॉडल बन चुकी है। वर्ष 2017 से पहले की स्थिति और आज के माहौल में जमीन-आसमान का फर्क है। आज पुलिस बल को न सिर्फ तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है, बल्कि भर्ती प्रक्रिया को भी पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही 30 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें 20 प्रतिशत अग्निवीरों को शामिल किया जाएगा। इससे विभाग को प्रशिक्षित और अनुशासित युवा बल मिलेगा।
इस भर्ती प्रक्रिया में 1,374 सहायक परिचालक और 120 कार्यशाला कर्मचारी शामिल हैं, जिनमें से 274 महिलाएं हैं। यह दिखाता है कि योगी सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति भी गंभीर है।

अब तक 8.5 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने ये भी बताया कि 2017 के बाद से अब तक 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कार्यक्रम में उपस्थित वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी राज्य सरकार की रोजगार नीतियों की सराहना की।