त्योहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

Share This

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार 19 सितम्बर को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों पर सुरक्षा और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्सवों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों से कठोरता से निपटा जाए।

कई जिलों में दिखा असर

मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में पुलिस तैयारियों का असर साफ दिखा। अयोध्या में एसएसपी गौरव ग्रोवर ने एएनआई से बातचीत में बताया कि आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक, सभी को उनकी जिम्मेदारियां समझा दी गई हैं और संवेदनशील इलाकों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

एसएसपी ग्रोवर ने बताया कि सभी प्रमुख आयोजन स्थलों और मार्गों का सुरक्षा आकलन पूरा कर लिया गया है। आयोजन समितियों के साथ कई दौर की बैठकें कर सुरक्षा इंतजामों पर सहमति बनाई गई है। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है।

24 घंटे हो रही निगरानी

पुलिस प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही नागरिकों की सुविधा पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, तथा नियंत्रण कक्ष की 24 घंटे सक्रियता सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और त्योहारों को शांति, आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *