7वीं क्लास की पुरानी फोटो से 5 साल बाद मिली लापता महिला, सोनभद्र के सिपाही के AI वाले दिमाग ने कर दिया कमाल

Share This

 

 

सोनभद्र। कभी-कभी एक छोटी सी सोच बड़ा केस सुलझा देती है। सोनभद्र में भी कुछ ऐसा ही हुआ। बभनी थाने में तैनात एक सिपाही ने मोबाइल और AI की मदद से वो कर दिखाया, जो 5 साल में कोई नहीं कर पाया था। उन्होंने एक लापता महिला को उसके ही घरवालों से मिलाने का रास्ता खोज निकाला।

ये है मामला 

कहानी थोड़ी पुरानी है। एक महिला अपने घर से गायब हो गई थी। घरवालों ने हर जगह तलाश की, पुलिस के पास भी गए, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। वक्त बीतता गया और मामला ठंडा पड़ता गया। पुलिस के सामने सबसे बड़ी मुसीबत ये थी कि महिला कैसी दिखती है, ये बताने के लिए कोई ताजा फोटो ही नहीं थी। घर में सिर्फ एक ही तस्वीर बची थी, जब वो 7वीं में पढ़ती थी। अब बड़ी होकर वो कैसी लगेगी, ये कोई नहीं जानता था।

यहीं पर सिपाही विजय पाण्डेय का दिमाग चला। उन्होंने सोचा, क्यों न पुरानी फोटो को ही नए जमाने की तकनीक से जोड़कर देखा जाए। उन्होंने उस फोटो को AI टूल्स में डालकर अंदाजा लगाया कि अब उसका चेहरा कैसा दिखेगा। AI ने एक नई तस्वीर बना दी। जब घरवालों ने उसे देखा तो बोले, हां, ये तो हमारी बेटी ही लग रही है।

हो रही सराहना

बस, फिर क्या था। पुलिस को एक दिशा मिल गई। इसी तस्वीर के सहारे जानकारी जुटाई गई और टीम राजस्थान पहुंच गई। चूरू जिले में एक जगह से वो महिला मिल भी गई। वो वहां अपने परिवार के साथ रह रही थी। उसे देखकर पुलिस वाले भी हैरान थे, क्योंकि उसका चेहरा AI वाली तस्वीर से काफी मिल रहा था।

इस काम की पूरे जिले में चर्चा हो रही है। अफसरों ने भी सिपाही की तारीफ की है। उन्हें डीजीपी और एसपी की तरफ से कुल 7100 रुपये का इनाम और सम्मान पत्र दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *