मशहूर रैपर और सिंगर Badshah अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने इस गाने को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और अब उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
ये है मामला
पंचकूला पुलिस के अनुसार यह मामला साइबर थाना सेक्टर-20 में दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गाने के वीडियो में महिलाओं और लड़कियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि म्यूजिक वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर शिक्षा और स्कूल के माहौल को गलत तरीके से पेश करने का आरोप भी लगाया गया है।
इसके अलावा वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस और एक सरकारी स्कूल परिसर भी दिखाया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी संसाधनों का उपयोग पाया गया, तो मामले में साजिश की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
यू ट्यूब से हटवाया गया गाना
पंचकूला पुलिस ने इस गाने को YouTube से हटवा दिया है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इसे हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही गायक को पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस भेजा गया है।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़े वीडियो या रील्स साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।