बरेली में पुलिस विभाग ने अनुशासन और जनव्यवहार को लेकर कड़ा संदेश दिया है। नवाबगंज थाने में तैनात इंस्पेक्टर (क्राइम) जयपाल सिंह को कथित खराब आचरण के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर की गई, जिसे विभाग में जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के व्यवहार को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचने के बाद इसकी जांच कराई गई। शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि जनता के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। पुलिस लाइन और अन्य थानों में इस फैसले को लेकर चर्चा का माहौल है। कई पुलिसकर्मी इसे विभागीय अनुशासन को सुदृढ़ करने और कार्यशैली सुधारने की दिशा में एक सख्त लेकिन जरूरी कदम मान रहे हैं।
एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि क्या इस प्रकरण में अन्य पुलिसकर्मियों की भी कोई भूमिका रही है या किसी स्तर पर लापरवाही हुई है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
हाल के दिनों में पुलिस के व्यवहार को लेकर उठे सवालों के बीच यह कदम अहम माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि पुलिस की छवि उसके व्यवहार से बनती है, इसलिए आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार अनिवार्य है।