बलिया जिले में अपराध पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश विकास सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई को अंजाम एसओजी, उभांव और भीमपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दिया, जो एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में लगातार सक्रिय थी।
ऐसे हुई मुठभेड़
मलेरा क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और पीछा किए जाने पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें विकास सोनकर के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि विकास ने 16 सितंबर को लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया था, जिनमें एक शिक्षक की हत्या भी शामिल है। घटनाओं के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
अस्पताल में भर्ती बदमाश
गिरफ्तार बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की बाइक और लूट से संबंधित नकदी बरामद की गई है। वर्तमान में वह अस्पताल में भर्ती है और उसकी निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।