सुल्तानपुर जिले में तैनात एक सिपाही पर घरेलू उत्पीड़न और पत्नी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप साबित होने पर उसे फिलहाल लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की पुष्टि अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने की है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, बल्दीराय थाने के वल्लीपुर चौकी पर डायल 112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव की शादी दो वर्ष पूर्व कुड़वार की वर्षा यादव से हुई थी। दंपति की छह माह की एक बेटी भी है। वर्षा का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार चारपहिया वाहन की मांग कर रहा है। इसको लेकर वह कई बार एसपी कार्यालय तक पहुंची और विरोध दर्ज कराया। महिला थाने में काउंसलिंग कराई गई, लेकिन समाधान नहीं निकला।
पत्नी ने 19 अगस्त को एसपी को लिखित शिकायत भी दी, जिसमें अभिषेक पर गंभीर आरोप लगाए गए। उनका कहना है कि पति का किसी अन्य महिला से संबंध है और वह अपनी कमाई उसी पर खर्च करता है। आरोप यह भी है कि बच्ची और पत्नी के इलाज व भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठाने से वह बचता है।
अफसरों ने किया लाइन हाजिर
वर्षा ने पति पर नशे की लत, मारपीट करने और तलाक की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है और आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।