फिरोजाबाद से एक मानवीय पहल की खबर सामने आई है, जहां एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने अभिनेता राजपाल यादव की सहायता के लिए आर्थिक सहयोग भेजा है। जानकारी के मुताबिक, अनुज चौधरी ने अपने निजी वेतन से 51 हजार रुपये की राशि मदद के तौर पर दी है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो साझा कर इसकी पुष्टि की।
तिहाड़ जेल में बंद हैं अभिनेता
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। बताया जा रहा है कि उन पर लगभग 9 करोड़ रुपये की देनदारी बकाया है, जिसके चलते उन्हें अदालत में सरेंडर करना पड़ा। इस प्रकरण के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोग भी उनके समर्थन में सामने आए हैं।
लोग कर रहे सराहना
एएसपी अनुज चौधरी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि राजपाल यादव ने अपने अभिनय से करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई है और ऐसे कलाकार को कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से अभिनेता के व्यवहार और उनकी धार्मिक प्रवृत्ति से प्रभावित हैं। चौधरी के अनुसार, समाज को जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, चाहे वह किसी भी क्षेत्र से क्यों न जुड़ा हो।