घायल सिपाही से मिलने पहुंचे पुलिस कमिश्नर: दो मंजिला मकान से कूदकर इनामी बदमाश पकड़ने वाले सिपाही की बहादुरी को किया सलाम

Share This

प्रयागराज में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई कार्रवाई के दौरान सिपाही विनोद दुबे ने ऐसा साहस दिखाया जिसने पूरे पुलिस बल का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया। रावेंद्र पासी हत्याकांड में वांछित और 50 हजार के इनामी नुरैन को पकड़ने गई टीम के सामने जब आरोपी ने दो मंजिला मकान से छलांग लगाकर भागने की कोशिश की, तब सिपाही विनोद दुबे ने भी बिना क्षणभर सोचे उसी ऊँचाई से छलांग लगा दी और उसे धर दबोचा।

पैर में आया फ्रैक्चर 

इस साहसिक कदम के दौरान सिपाही विनोद के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया और सीने में भी चोटें आईं। उन्हें तत्काल सलोरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी वीरता को देखते हुए प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने न केवल उनके इलाज की जिम्मेदारी ली, बल्कि सिपाही को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है। साथ ही उनका नाम डीजीपी कमेंडेशन डिस्क और मुख्यमंत्री वीरता पदक के लिए भी भेजा जाएगा।

सिपाही का हाल जानने पहुंचे अफसर

पुलिस कमिश्नर और एडिशनल सीपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही का हालचाल लिया और उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि विनोद दुबे जैसे पुलिसकर्मी वर्दी की असली गरिमा को जीते हैं — जो बिना अपनी जान की परवाह किए जनता की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं।

वहीं, पकड़ा गया इनामी नुरैन मरियाडीह का रहने वाला है और रावेंद्र पासी हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। भागने के दौरान वह भी घायल हुआ और उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *