मुजफ्फरनगर: सात फेरे से पहले टूटी सिपाही की शादी, प्रेमिका ने थाने पहुंचकर खोला धोखे का राज

Share This

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहड़बर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सिपाही की शादी की तैयारियां पूरी होने के बावजूद विवाह से कुछ क्षण पहले ही रिश्ता टूट गया। सात फेरे होने से ठीक पहले दूल्हे की प्रेमिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर पूरी कहानी बदल दी।

ये है मामला

रविवार सुबह बदायूं जनपद से आई एक युवती सीधे भौराकलां थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि शादी करने जा रहा युवक उसका प्रेमी है, जो बरेली के सिविल लाइन थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। युवती के अनुसार उसने विवाह का वादा किया था, लेकिन अब किसी और से शादी कर रहा है।

पुलिस ने तुरंत यह जानकारी शाहड़बर में दुल्हन के परिवार को दी। आरोप की जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। अचानक आई इस खबर से दोनों पक्षों में अफरातफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कार्रवाई की भी की मांग

जानकारी के अनुसार दूल्हे पक्ष ने शाहपुर के एक बैंक्वेट हॉल में शादी का आयोजन किया था, जहां जैतपुर गांव से बारात पहुंचनी थी। लेकिन प्रेमिका की शिकायत के बाद समारोह रद्द कर दिया गया।

बाद में गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों परिवारों के बीच बातचीत कर माहौल शांत कराया। इस बीच प्रेमिका पुलिस कार्रवाई के बाद बरेली रवाना हो गई है, जहां वह अपने सिपाही प्रेमी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग करने जा रही है। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *