गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेला: ड्यूटी से गैरहाजिर नौ पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी ने दिखाई सख्ती

Share This

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर में चल रहे कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले नौ पुलिसकर्मियों पर एसपी ज्ञानंजय सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले में हाई अलर्ट था, बावजूद इसके कई पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई

गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शुक्रवार को एसपी ज्ञानंजय सिंह ने घाटों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों से नदारद पाए गए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने मौके पर ही सभी को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।

निलंबित पुलिसकर्मियों में औरैया जिले से उपनिरीक्षक अशोक पाल, कानपुर से उपनिरीक्षक सुदेश कुमार, मेरठ के नसीरपुर थाने से हेड कांस्टेबल संदीप, फिरोजाबाद से हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कानपुर से हेड कांस्टेबल अजीत सिंह, मुजफ्फरनगर से सिपाही सचिन गौतम, एटा से सिपाही आशीष कुमार, मेरठ से सिपाही राहुल देव और मेरठ के लोहिया नगर थाने से महिला सिपाही मिनी कुशवाहा शामिल हैं।

एसपी ने कहा ये

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और जो भी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से चूकेंगे, उन पर भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मेले के दौरान प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित स्नान अनुभव प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *