IPS शिवांशु राजपूत पर पत्नी ने दर्ज कराई FIR, अफसर ने कहा– आरोप साबित हुए तो दे दूंगा इस्तीफा

Share This

कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी शिवांशु राजपूत एक विवाद के घेरे में आ गए हैं। उनकी पत्नी और पेशे से डॉक्टर कृति सिंह ने दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाते हुए नोएडा के थाना सेक्टर-126 में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में अधिकारी के माता-पिता समेत कुल सात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

ये है मामला

डॉ. कृति सिंह फिलहाल जेपी विशटाउन सोसाइटी में अपने बेटे के साथ रह रही हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2021 में उनकी शादी बेंगलुरु निवासी आईपीएस शिवांशु राजपूत से हुई थी। शादी में परिजनों ने करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए और कीमती आभूषण भी दिए। लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही उनके रिश्ते में दरार आने लगी। कृति के मुताबिक, पति का व्यवहार अपमानजनक होता चला गया और जब उन्होंने विरोध किया तो ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने भी मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध हैं और इस बात का विरोध करने पर उन्हें घर छोड़ने की धमकी दी गई। कृति का कहना है कि लगातार बढ़ती प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने गौतमबुद्ध नगर की डीसीपी महिला सुरक्षा को शिकायत दी, जिसके निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।

आईपीएस ने किया इंकार

वहीं, आईपीएस शिवांशु राजपूत ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि असल में वे खुद घरेलू हिंसा के शिकार हैं। उनका कहना है कि यदि उनकी पत्नी उनके किसी भी आरोप को साबित कर दें, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों से बयान लेकर मामले की जांच में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *