हाथरस। चंदपा कोतवाली में तैनात दारोगा ताहिर अहमद को एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने लाइन हाजिर कर दिया है। दारोगा पर आरोप है कि उन्होंने एक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
बैठक में हुआ विवाद
मामला चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव कैमार का है, जहां दो दिन पहले एक बैठक आयोजित हुई थी। इस बैठक में समाज कल्याण अधिकारी सरिता सिंह समेत ग्रामीण भी मौजूद थे। बैठक के दौरान ग्राम निवासी अमरनाथ ने पुलिस प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसी बीच दारोगा ताहिर अहमद ने माहौल बिगाड़ते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
दारोगा की यह टिप्पणी किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि पुलिस मुख्यालय तक इसकी गूंज पहुंची। अधिकारियों ने इसे शिष्टाचार और अनुशासनहीनता का गंभीर उल्लंघन माना।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से दारोगा ताहिर अहमद को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने साफ किया कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा अनुचित टिप्पणी या आचरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे की जांच जारी
इस मामले की जांच विभागीय स्तर पर कराई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दारोगा पर आगे की सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।