बरेली में प्रशासन ने एक बार फिर अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और कड़क फैसले से यह साबित कर दिया है कि किसी भी प्रकार के उपद्रव और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मौलाना तौकीर रजा और उनके साथियों के खिलाफ वर्षों से दर्ज मुकदमों और वारदातों के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण हालात बिगड़ते जा रहे थे। लेकिन इस बार जिले के डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे किसी भी उपद्रव या कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कई बार तौकीर रजा को दी गई थी चेतावनी
मौलाना तौकीर रजा, जो कि लंबे समय से विभिन्न मामलों में आरोपित था और उपद्रव का नेतृत्व कर रहा था, प्रशासन की कई बार समझाने की कोशिशों के बावजूद भी अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आया। हालांकि, इस बार अफसरों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पूरी तरह से तैयारी के साथ काम किया। उन्होंने न केवल मौलाना को कई बार समझाने की कोशिश की, बल्कि जब वह कानूनी आदेशों की अवहेलना करता रहा, तो तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।
डीएम और एसएसपी ने तीन प्रमुख स्थानों पर उपद्रव को कड़ी लाठीचार्ज के जरिए दबा दिया, जिससे माहौल तुरंत शांत हुआ। इसके बाद रात भर चलने वाली छापेमारी में मौलाना और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। साथ ही, प्रशासन ने उपद्रवियों से जुड़े आर्थिक संसाधनों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उनकी संपत्तियों को सील किया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक आधार कमजोर होगा और भविष्य में ऐसे घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
डीएम और एसएसपी की मेहनत लाई रंग
यह प्रशासन की वो पहल है, जो न केवल कानून व्यवस्था की मजबूती का परिचायक है, बल्कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक है। डीएम और एसएसपी की इस कठोर कार्रवाई से जिले में यह साफ संदेश गया है कि किसी भी हाल में उपद्रव और अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उनकी यह तत्परता और दृढ़ संकल्प अन्य अधिकारियों के लिए भी उदाहरण बन गया है। ऐसे फैसले समाज के लोगों के मन में प्रशासन के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ाते हैं तथा कानून का राज कायम करने में मदद करते हैं। बरेली प्रशासन की यह कार्रवाई निश्चित ही क्षेत्र में शांति और सुव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।