उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नोएडा में DCP के पद पर तैनात IPS अधिकारी यमुना प्रसाद के लखनऊ स्थित घर में चोरी हो गई। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आईपीएस यमुना प्रसाद वही अधिकारी हैं, जिन्होंने माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब में लग्जरी एम्बुलेंस में पकड़ा था।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, उनका ये घर कई समय से खाली था और इसकी देखभाल उनके रिश्तेदार असित सिद्धार्थ द्वारा की जा रही थी। 22 सितंबर को असित जब घर पहुंचे, तो बिजली न होने के बावजूद उन्हें कोई असामान्य बात महसूस नहीं हुई। लेकिन 23 सितंबर को बिजली विभाग की टीम ने जब घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। चोरों ने घर के कमरे बिखेर दिए थे और लाखों रुपये के नकदी, चांदी के बर्तन, बाथरूम की टोटियां और कई गिफ्ट आइटम चोरी कर लिए थे।
विकास नगर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।
मुख्तार अंसारी पर की थी कार्रवाई
इस चोरी की घटना की चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि IPS यमुना प्रसाद एक सख्त और प्रभावशाली अधिकारी माने जाते हैं। वे पंजाब में माफिया मुख्तार अंसारी को एक लग्जरी एम्बुलेंस में पकड़ने वाले अधिकारी के तौर पर पहचाने जाते हैं। ऐसे कड़े और सख्त अधिकारी के घर चोरी होना विभाग के अंदर भी सवाल खड़े कर रहा है।