प्रदेश पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया अब परीक्षा चरण में पहुंच चुकी है। इस भर्ती के लिए ऑफलाइन लिखित परीक्षा आगामी 1 और 2 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा उत्तर प्रदेश के 10 प्रमुख जिलों में आयोजित होगी।
अपर सचिव ने दी जानकारी
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अपर सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा दो दिन में दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। वहीं, दूसरा चरण 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के जिले की जानकारी परीक्षा तिथि से एक सप्ताह पूर्व दी जाएगी। इसके अलावा प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सूचना परीक्षा से तीन दिन पहले बोर्ड द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें ताकि किसी भी सूचना से वंचित न रहें।
इन जगहों पर होगी परीक्षा
इस परीक्षा के लिए जिन 10 जिलों को केंद्र बनाया गया है, उनमें आगरा, बरेली, कानपुर नगर, लखनऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी शामिल हैं। इन जिलों में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। ये भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के युवा उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर है, जिसमें सफलता के लिए उन्हें पूरी लगन और तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होना चाहिए।