रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चला जागरूकता अभियान, डीजीपी ने किया पोस्टर-बैनर का अनावरण

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। “जागरूक यात्री, सुरक्षित सफर” थीम पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेलवे पुलिस मुख्यालय (@upgrphq) ने आपातकालीन सेवा @112UttarPradesh के सहयोग से विशेष स्टीकर, पोस्टर और बैनर तैयार किए हैं। इनका अनावरण प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने किया। इस मौके पर एडीजी रेलवे, प्रकाश डी. और आईजी रेलवे, मोदक राजेश डी. राव भी उपस्थित रहे।

ये है मकसद

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मकसद न केवल यात्रियों को सुरक्षित रखना है, बल्कि उन्हें जागरूक भी बनाना है ताकि सफर के दौरान किसी भी खतरे या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच सके।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि रेलवे से प्रतिदिन लाखों लोग सफर करते हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पोस्टर और स्टीकर जैसे सरल माध्यमों से आम जनता तक संदेश आसानी से पहुंचेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इन पोस्टरों को रेलवे स्टेशन, कोच और अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों को 112 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी तुरंत मिल सके।

इसलिए चल रहा अभियान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को इस अभियान से यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि सतर्क रहना उनकी खुद की सुरक्षा के लिए भी उतना ही जरूरी है जितना कि पुलिस की तैनाती। यदि हर यात्री चौकन्ना रहेगा और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना देगा तो अपराध और हादसों को काफी हद तक रोका जा सकेगा। इस पहल से उम्मीद है कि यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ेगा और रेलवे पुलिस को भी अपराध रोकने में सहयोग मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *