उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में महिला सुरक्षा को लेकर बरेली पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। बरेली के थाना कैंट क्षेत्र में एक युवती के साथ हुई छेड़खानी की घटना के बाद पुलिस ने जिस प्रकार मुस्तैदी दिखाई, वह महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है। एसएसपी बरेली के नेतृत्व में लगातार ऐसे मामलों पर सख्त नजर रखी जा रही है, और इसी कड़ी में ये कार्रवाई की गई है।
ये है मामला
घटना उस समय हुई जब एक लड़की किसी जरूरी काम से बाहर निकली थी। तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर उसका पीछा करने लगे और रास्ते में अश्लील हरकतें करने लगे। पीड़िता ने जैसे ही अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, उन्होंने बिना देर किए थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली बरेली पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए तुरंत दो पुलिस टीमें गठित कीं। एसएसपी के निर्देश पर जांच शुरू हुई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों के नाम आसिफ और शोहेब हैं, जो बदायूं जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
अब मांग रहे मांफी
बरेली पुलिस ने इस कार्रवाई का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें आरोपी युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि उन्होंने गलती की है और भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की जमकर सराहना की।
गौरतलब है कि एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में जिले भर में महिला सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। चाहे सड़क सुरक्षा हो, स्कूल-कॉलेजों के बाहर का माहौल हो या फिर सोशल मीडिया पर होने वाली साइबर छेड़छाड़ — हर पहलू पर नज़र रखते हुए बरेली पुलिस सक्रिय है। ये कार्रवाई भी इसी मिशन का हिस्सा है, जहां बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं।