हरदोई: थाना पिहानी में ताला, पीड़ित को प्रभारी निरीक्षक ने कहा—’कल आना, आज छुट्टी है’

Share This

हरदोई जनपद में पुलिसिंग की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है, जबकि जिले की कमान एसपी नीरज कुमार जादौन के हाथों में है। आमतौर पर पुलिस को 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर रहने वाली संस्था माना जाता है, लेकिन पिहानी कोतवाली का हाल इस धारणा से बिल्कुल उलट नजर आया। यहां छुट्टी का ऐलान न तो सरकार की तरफ से किया गया और न ही किसी आधिकारिक आदेश में इसका जिक्र है, बल्कि खुद प्रभारी निरीक्षक ने थाने में “आज छुट्टी है” कहकर पीड़ित को लौटा दिया।

ये था मामला

मामला ग्राम बरमहौला निवासी रणवीर सिंह का है, जो अपनी शिकायत लेकर पिहानी कोतवाली पहुंचे थे। थाने के हेल्प डेस्क पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए उन्होंने एक मुंशी से मदद मांगी। मुंशी ने उन्हें 20-25 मिनट बैठकर इंतजार करने को कहा, लेकिन लंबा समय बीत जाने पर भी कोई तहरीर लेने नहीं आया। मजबूर होकर रणवीर सिंह ने प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल को फोन किया और स्थिति बताई। जवाब में उन्हें सुनने को मिला—“थाने में ताला लगा होगा, आज छुट्टी है, कल आना।”

यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। जबकि एसपी नीरज कुमार जादौन लगातार अधीनस्थों को जनता से जुड़ने और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते रहे हैं, लेकिन जमीनी हालात इन आदेशों की अनदेखी को उजागर कर रहे हैं।

एसपी ने लिया संज्ञान

पीड़ित व्यक्ति पुलिस से मदद मांगने आया था, लेकिन उसे उल्टा खाली हाथ लौटना पड़ा। यह स्थिति न केवल पुलिस की छवि को धूमिल करती है बल्कि “जनता के लिए हमेशा उपलब्ध” रहने के दावे पर भी प्रश्नचिह्न लगा देती है। फिलहाल, जानकारी के अनुसार एसपी ने वायरल ऑडियो का संज्ञान ले लिया है। आगे इस मामले में क्या कदम उठाए जाएंगे, यह देखने वाली बात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *