उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में जल्द ही एक नया कीर्तिमान बनने जा रहा है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और चर्चित पुलिस अफसर अनुज चौधरी को एडिशनल एसपी के रूप में पदोन्नत किया जा रहा है। विभागीय प्रोन्नति समिति की हालिया बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लग चुकी है। आदेश जारी होना बाकी है, लेकिन उनका रास्ता अब साफ है।
खेल खोटे से हुआ था चयन
जानकारी के मुताबिक, अनुज, वर्ष 2012 बैच के पीपीएस अफसर हैं, और खास बात ये है कि उनका चयन खेल कोटे के जरिए हुआ था। यही वजह है कि वह इस कोटे से एडिशनल एसपी की रैंक तक पहुंचने वाले पहले अधिकारी बनेंगे। नियम के मुताबिक, सीओ से एडिशनल एसपी बनने के लिए 12 साल की सेवा ज़रूरी होती है, और 2012 बैच में यह अवधि फिलहाल सिर्फ अनुज ने पूरी की है।
कई मामलों में रहे विवादों में
उनकी पहचान एक तेज-तर्रार और बेबाक अफसर के रूप में है। संभल में हिंसा के दौरान वह गोली लगने के बावजूद मैदान में डटे रहे थे। उनके एक बयान को लेकर विवाद जरूर हुआ — लेकिन वह अपने उसूलों पर कायम रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके समर्थन में बयान दिया था।
खास बात ये है कि अनुज केवल प्रशासनिक सेवा तक सीमित नहीं रहे। 1997 से 2014 तक वे पहलवानी में देश के लिए मेडल जीतते रहे। अर्जुन पुरस्कार और लक्ष्मण अवॉर्ड जैसे सम्मान भी उनके नाम हैं। ऐसे में उनके प्रमोशन की खबर आते ही महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है।