उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त उपाधीक्षक जगदीश सिंह ने अपने बुलंद हौसले और अदम्य जज़्बे से विश्व मंच पर न केवल भारत का नाम रोशन किया, बल्कि वर्दी के गौरव को भी एक नई ऊंचाई दी। अमेरिका में आयोजित World Police & Fire Games 2025 में 69 वर्ष की आयु में उन्होंने 3 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 9 पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
डीजीपी ने किया पोस्ट
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डीजीपी उत्तर प्रदेश, राजीव कृष्ण ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर उन्हें सम्मानित करते हुए गौरव की अनुभूति साझा की। उन्होंने लिखा कि श्री जगदीश सिंह इन खेलों के 40 वर्षों के इतिहास में भारत के सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं। यह महज एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि यूपी पुलिस की फिटनेस, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रमाण भी है।

डीजीपी ने कहा ये
डीजीपी राजीव कृष्ण ने उन्हें “वर्दी में जीवंत प्रेरणा” बताते हुए कहा कि वे आज की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्तंभ हैं। उनका जीवन दर्शाता है कि उम्र केवल एक संख्या है, जब लक्ष्य स्पष्ट हो और निष्ठा अडिग।
जगदीश सिंह की यह गौरवगाथा न सिर्फ पुलिस विभाग के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक मिसाल है—जहां सेवा निवृत्ति के बाद भी एक पुलिस अधिकारी अपनी कर्मठता से विश्व स्तर पर देश का तिरंगा लहराता है।