यूपी पुलिस के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अंबेडकरनगर पुलिस ने अपनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता और आरोपियों की जाति लिख दी। इस बात को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। पूर्व आईपीएस और आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की जांच कराने को कहा है।
23 नवंबर की घटना से शुरू हुआ विवाद
अकबरपुर इलाके में 23 नवंबर को सड़क पर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई को X पर पोस्ट करके लोगों को बताया।
आरोप है कि इस पोस्ट में पीड़ित और दोनों आरोपियों की जातियों को भी साफ-साफ लिखा गया था। जैसे ही यह बात सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर आपत्ति जतानी शुरू कर दी।
बवाल के बाद बदला गया पोस्ट
विवाद बढ़ता देख पुलिस ने पहले वाला पोस्ट हटा दिया। बाद में उसी मामले की जानकारी फिर से पोस्ट की गई, लेकिन इस बार जाति वाला हिस्सा हटा दिया गया। हालांकि तब तक पहले पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हो चुका था। लोग अब उसी स्क्रीनशॉट को शेयर कर रहे हैं।
अमिताभ ठाकुर का कहना है कि पुलिस को किसी भी मामले में जाति का जिक्र नहीं करना चाहिए। इससे लोगों में गलत संदेश जाता है और समाज में तनाव बढ़ने का खतरा रहता है। उन्होंने पत्र में पूछा है कि यह पोस्ट किसके निर्देश पर लिखी गई और किसने इसे मंजूरी दी।
उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदारी तय हो और भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए साफ निर्देश जारी किए जाएं।