बांदा, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस नरैनी कोतवाली में कभी सिपाही तैनात था, उसी थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि सिपाही ने न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को गुमराह किया और इसी के आधार पर प्रमोशन हासिल कर लिया। विभागीय जांच में न्यायालय का आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बाद उसके खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी भाईलाल निवासी राजपुर ओमघाट, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर वर्ष 2005 में नरैनी थाने में आरक्षी के पद पर तैनात था। इसी दौरान उसके खिलाफ मारपीट, घर में घुसने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के बाद मामले में न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
बताया गया कि इस मुकदमे में खुद को बरी दिखाने के लिए भाईलाल ने न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कराया और पुलिस विभाग में जमा कर दिया। इस तरह उसने विभाग को गुमराह कर प्रमोशन हासिल कर लिया। बाद में जांच कराई गई तो आदेश फर्जी निकला। इसके बाद वर्ष 2025 में नरैनी थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रयागराज के म्योर रोड से हुई गिरफ्तारी
मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरक्षी को मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। नरैनी थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक सौरव गौतम और आरक्षी अवधेश यादव की टीम ने प्रयागराज के म्योर रोड से उसे पकड़ा। आरोपी की आखिरी तैनाती फतेहपुर के गाजीपुर थाने में थी, जहां से उसे निलंबित कर दिया गया था।