9 दिन की दुल्हन से DSP तक – मिथिला की 37 साल की लड़ाई ने सबको रुला दिया

Share This

 

 

लखनऊ। पिपिंग सेरेमनी में जब कंधे पर सितारे लग रहे थे, तो मिथिला चतुर्वेदी की आंखों से आंसू रुक नहीं रहे थे। वहां खड़े हर शख्स को समझ आ रहा था कि ये आंसू किसी एक दिन के नहीं हैं, 37 साल के इंतजार, मेहनत और अकेली लड़ाई के हैं।

ये है कहानी

कहानी 1988 से शुरू होती है। इटावा की एक लड़की की शादी यूपी पुलिस के एक जवान से हुई। नए घर, नए सपने, नई जिंदगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शादी के नौवें दिन ही पति दुनिया छोड़ गए।

19-20 साल की उम्र में दुनिया उजड़ जाए तो कोई भी टूट जाए। मिथिला भी टूटीं, लेकिन बिखरीं नहीं। घरवालों ने हिम्मत दी और उन्होंने फैसला किया कि अब खुद के पैरों पर खड़ा होना है, किसी के सहारे नहीं।

अगले साल, 1989 में उन्हें पुलिस विभाग में सबसे छोटी नौकरी मिली – कांस्टेबल की। वर्दी पहनी तो जिम्मेदारी भी आ गई। फाइलों के बीच, दफ्तर के काम के बीच उन्होंने कभी अपनी पढ़ाई, अपनी मेहनत को कम नहीं होने दिया।

 मेहनत से पाया मुकाम

धीरे-धीरे वक्त बदला। कांस्टेबल से वो बाबू बनीं, बाबू से अफसर बनीं। 1993, 2016, 2021 – हर प्रमोशन के पीछे सालों की मेहनत थी। किसी ने सिफारिश नहीं की, किसी ने एहसान नहीं किया। सिर्फ काम बोला।

अब पुलिस झंडा दिवस पर उन्हें डीएसपी बनाया गया। सीआईडी मुख्यालय में तैनात मिथिला को जब डीजी विनोद कुमार सिंह ने बैज पहनाया, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

मिथिला की कहानी उन हजारों महिलाओं के लिए है, जो एक झटके के बाद जिंदगी को खत्म मान लेती हैं। वो बताती हैं कि जिंदगी एक मोड़ पर खत्म नहीं होती, वहीं से दोबारा शुरू भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *