नोएडा। नियम तोड़ने वाले पर चालान काटना क्या अब पुलिसकर्मी के लिए ही मुसीबत बन गया है? नोएडा में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसने खाकी पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक इंस्पेक्टर के बेटे की गाड़ी की नंबर प्लेट पर कागज चिपका था। ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल ने गाड़ी रोककर चालान काट दिया। इसके बाद चर्चा है कि चालान काटने वाले हेड कांस्टेबल पर ही कार्रवाई कर दी गई।
ये है मामला
मामला सफेद हुंडई क्रेटा गाड़ी का है। बताया जा रहा है कि गाड़ी चला रहा युवक एक इंस्पेक्टर का बेटा है। गाड़ी की नंबर प्लेट पर कागज लगा था, ताकि नंबर साफ न दिखे। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल नकुल कुमार ने गाड़ी को रोका। नियम उल्लंघन साफ दिखा तो उन्होंने चालान काटा और पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बना लिया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। सोशल मीडिया पर लोग हेड कांस्टेबल के समर्थन में उतर आए। लोगों का कहना है कि नियम सबके लिए बराबर है, फिर चाहे गाड़ी किसी इंस्पेक्टर के बेटे की ही क्यों न हो।
लेकिन इसके बाद जो खबर आई, उसने विवाद और बढ़ा दिया। चर्चा है कि चालान काटने वाले हेड कांस्टेबल नकुल कुमार को ही लाइन हाजिर या निलंबित कर दिया गया है। हालांकि अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक आदेश सार्वजनिक नहीं हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया पर ये खबर तेजी से फैल रही है।
उठ रहा सवाल
सवाल उठ रहा है कि अगर नियम तोड़ने पर चालान काटा गया, तो हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई क्यों? क्या नंबर प्लेट छिपाकर गाड़ी चलाना नियमों का उल्लंघन नहीं था?
फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी इस मामले पर चुप हैं। नोएडा पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लोगों को इंतजार है कि पुलिस इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति साफ करे।