आगरा। कोचिंग की दोस्ती जब भरोसे में बदली, तो युवती को लगा कि अब रिश्ता शादी तक पहुंचेगा। लेकिन आठ साल बाद वो भरोसा टूट गया। गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती ने आगरा में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।
ये है मामला
शिकायत के मुताबिक, दोनों की मुलाकात साल 2018 में हुई थी। उस वक्त दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। युवती का कहना है कि इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और युवक ने शादी का वादा किया।
युवती का आरोप है कि शादी के वादे पर ही रिश्ता आगे बढ़ा। इसी बीच युवक का चयन पुलिस में हो गया। नौकरी लगने के बाद भी युवक ने रिश्ता बनाए रखा। युवती का कहना है कि युवक हर बार यही कहता रहा कि वो अपने घरवालों को शादी के लिए मना लेगा।
वर्तमान में वो सिपाही आगरा के बसई अरेला थाने में तैनात है। युवती का आरोप है कि अब जब शादी की बात आई, तो सिपाही ने साफ मना कर दिया।
युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि आठ साल तक उसे शादी के नाम पर टाला जाता रहा। अब वो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उसने पुलिस आयुक्त से आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
केस हुआ दर्ज
शिकायत मिलने के बाद पुलिस आयुक्त कार्यालय में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और कोचिंग के समय से लेकर अब तक के रिश्ते से जुड़े तथ्यों को खंगाला जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने युवती को जांच का भरोसा दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज होगा या नहीं।