सहारनपुर। सर्किट हाउस में हुई एक गलती अब पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई है। सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए तैयार सलामी गलती से हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को दे दी गई। वीडियो वायरल हुआ तो सहारनपुर पुलिस ने अब इसे सोशल मीडिया से हटवाने की तैयारी कर ली है।
ये है मामला
पुलिस ने इस मामले में सीधे एक्स को चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी सहारनपुर एसएसपी दफ्तर से 21 नवंबर को भेजी गई है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 69ए का हवाला दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो से जुड़ी पोस्टें हटाई जाएं, क्योंकि इससे विभाग की छवि खराब हो रही है और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
चिट्ठी में साइबर सेल के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार का जिक्र है। पुलिस के मुताबिक, उनके संज्ञान में आया कि कई एक्स अकाउंट इस वीडियो को फैला रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने एक्स को उन पोस्टों के लिंक भी भेजे हैं, जिन्हें हटाने की मांग की गई है।
पूरा मामला शनिवार का है। सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के जज के आने का कार्यक्रम था। उनसे पहले ओवैसी वहां पहुंच गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मी समझ नहीं पाए और उन्होंने ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
इसलिए उठे सवाल
गार्ड ऑफ ऑनर कोई आम सलामी नहीं होती। ये सम्मान सिर्फ चुनिंदा संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों, विदेशी राष्ट्र प्रमुखों, सुप्रीम कोर्ट के जजों, सेना के चुनिंदा अफसरों और शहीदों को दिया जाता है। सांसद के तौर पर ओवैसी इस सम्मान के दायरे में नहीं आते
यही वजह है कि वीडियो सामने आते ही सवाल उठने लगे। पुलिस की तरफ से इसे भ्रम की वजह से हुई चूक बताया जा रहा है। लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अब इसे हटवाने पर जोर दे रही है।