लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस अब पुलिस परिवार के बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं कोचिंग की व्यवस्था करने जा रही है। इसके लिए जल्द ही एक विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। इस पहल के तहत पुलिस परिवार के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों के साथ अनुभवी प्रशिक्षकों की मदद ली जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को बेहतर खेल प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना है।
डीजीपी ने दी जानकारी
रविवार को 35वीं वाहिनी पीएसी परिसर में आयोजित दो दिवसीय वामा सारथी खेलोत्सव-2026 के समापन समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी सिखाते हैं।
डीजीपी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में हार मिलने पर निराश होने की जरूरत नहीं है। हार को सीखने का अवसर मानकर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए और पहले से अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सफलता हासिल करने के लिए धैर्य और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं।
433 बच्चों ने लिया भाग
इस दो दिवसीय खेलोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पुलिस परिवार के 433 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर मिला।
वामा सारथी की ओर से आयोजित यह खेलोत्सव पुलिस परिवार के बच्चों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रस्तावित विशेष कोचिंग व्यवस्था शुरू होने से बच्चों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने, बेहतर प्रशिक्षण पाने और भविष्य में खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे पुलिस परिवार में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।