प्रयागराज। अभी माघ मेला आने में वक्त है, लेकिन प्रयागराज पुलिस ने मैदान में उतरने से पहले ही अपनी तैयारी का पहला कदम उठा लिया है। रविवार को दोपहर के वक्त अफसरों ने पूजा-पाठ करके मेला पुलिस के काम की शुरुआत की। इस बार पुलिस की कोशिश है कि मेला महाकुंभ वाला फील दे। यानी भीड़ तो लाखों में हो, लेकिन किसी को धक्का-मुक्की, जाम या असुरक्षा का अहसास न हो। स्नान करने आने वाले हों, महीनेभर रुकने वाले कल्पवासी हों या घूमने आए पर्यटक, सबके लिए एक ही व्यवस्था रहेगी, पहले सुविधा, फिर सुरक्षा।
सीपी ने किया पूजन
पूजा में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया सबसे आगे रहे। साथ में एडिशनल कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा और विजय ढुल भी थे। माघ मेला के डीसीपी विवेक चंद्र यादव, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी अरुण पाराशर भी मौके पर मौजूद रहे। सबने मंत्रों के बीच संकल्प लिया कि इस बार कोई चूक नहीं होगी।अब सवाल ये है कि इस बार अलग क्या होगा?
पहला बदलाव जवानों को लेकर है। मेला क्षेत्र में इस बार उन्हीं पुलिसकर्मियों को भेजा जाएगा जो 50 की उम्र से नीचे हैं। जो शारीरिक तौर पर पूरी तरह फिट हों। और जो खान-पान में शाकाहारी हों, उन्हें पहले मौका मिलेगा। अफसरों का तर्क है कि मेला ड्यूटी में 12-14 घंटे खड़े रहना पड़ता है, भीड़ संभालनी पड़ती है, ऐसे में फिट जवान ही टिक पाएगा।
हर जगह दिखेगा अलग सेटअप
दूसरा बदलाव इंतजाम को लेकर है। मेला क्षेत्र में पुलिस के रहने, थाने-चौकी चलाने, आग से निपटने के लिए अलग से सेटअप बनेगा। ऊंची जगह से नजर रखने के लिए टावर लगेंगे। हर अहम रास्ते पर कैमरों से नजर रखी जाएगी।धीरे-धीरे अब अलग-अलग जिलों से पुलिसकर्मी प्रयागराज पहुंचने लगेंगे। भीड़ को कैसे कंट्रोल करना है, ट्रैफिक को कैसे निकालना है, इसकी अलग से प्लानिंग हो रही है।पुलिस का कहना है कि महाकुंभ में जो सीखा, वो इस बार माघ मेले में काम आएगा।