सहारनपुर। छुट्टी पर घर आए एक सिपाही की जिंदगी शनिवार दोपहर अचानक हादसे की चपेट में आ गई। नागल इलाके में कार चला रहे आशीष त्यागी ने सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के लिए स्टेयरिंग मोड़ा, लेकिन कार संभल नहीं पाई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और आशीष अंदर ही फंसकर घायल हो गए।
ऐसे हुआ मामला
यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे सीडकी-झबरेड़ा रोड पर हुआ। गांव बोहडूपुर के पास से आशीष अपनी कार से नागल की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक सामने एक बाइक आ गई। उसे टक्कर से बचाने के चक्कर में आशीष ने कार को साइड में काटा और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। आसपास के लोग आवाज सुनकर दौड़े और पुलिस को खबर दी।
सूचना मिलते ही नागल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से आशीष को कार से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी।
छुट्टी लेकर आए थे
आशीष त्यागी देवबंद इलाके के गांव बचीटी के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम विजेंदर त्यागी है। आशीष उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और इन दिनों अमरोहा जिले में तैनात हैं। कुछ दिन पहले ही वे छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है। परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।