त्योहार में भी नहीं रुकी 112 की गाड़ी, तीन दिन में लाखों लोगों तक पहुंची मदद

Share This

 

जब पूरा प्रदेश दीयों और पटाखों की रोशनी में डूबा था, तब एक टीम ऐसी भी थी जिसकी दीवाली सायरन की आवाज के बीच बीती। बात हो रही है यूपी-112 की। त्योहार के तीन दिनों में इस सेवा ने इतने लोगों की मदद की, जितनी आम दिनों में पूरे हफ्ते में भी नहीं होती।

ये हैं आंकड़े

7 नवंबर से 9 नवंबर के बीच 112 के पास मदद की पुकार लगातार आती रही। छोटी दीवाली पर ही 53 हजार से ज्यादा लोगों ने फोन किया। अगले दिन यानी बड़ी दीवाली पर यह आंकड़ा 74 हजार के पार चला गया। दीवाली के बाद वाले दिन तो हालात और ज्यादा व्यस्त रहे, जब करीब 77 हजार लोगों को सहारा दिया गया। तीन दिन का कुल हिसाब जोड़ा जाए तो संख्या 2 लाख 5 हजार से ऊपर बैठती है।

आम दिन में 112 के पास रोजाना 38 हजार के आसपास कॉल आती हैं। त्योहार पर यह बोझ लगभग दोगुना हो गया, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी।

सबसे ज्यादा फोन पुलिस वाली मदद के लिए आए। कहीं झगड़ा हो गया, कहीं पटाखों को लेकर विवाद, कहीं चोरी की सूचना। पहले दिन 41 हजार, दूसरे दिन 56 हजार और तीसरे दिन 59 हजार लोगों को पुलिस की गाड़ी मौके पर मिली।

सेहत से जुड़े मामलों में भी 112 पीछे नहीं रही। तीन दिन में 36 हजार से ज्यादा बार एंबुलेंस को मरीज तक भेजा गया। आग की घटनाओं पर भी नजर रही। आतिशबाजी से लगी आग हो या शॉर्ट सर्किट, 7 हजार से ज्यादा जगहों पर फायर टीम को भेजा गया।

सवेरा योजना भी रही एक्टिव 

बुजुर्गों के लिए चल रही सवेरा योजना भी त्योहार पर एक्टिव रही। अकेले रह रहे 2 हजार से ज्यादा बुजुर्गों से संपर्क कर उनकी जरूरत पूछी गई और मदद दी गई। कई जगह टीम खुद उनके घर पहुंची।

रात में अकेली सफर कर रही महिलाओं के लिए भी अलग इंतजाम था। रात 10 बजे के बाद जब उन्हें कोई साधन नहीं मिला तो 11 महिलाओं को पीआरवी की गाड़ी ने सुरक्षित उनके ठिकाने तक छोड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *