बिजनौर के जवान को गांव ने नम आंखों से दी विदाई, पुलिस ने बरसाए फूल और दी सलामी

Share This

 

बढ़ापुर। ड्यूटी पर हमेशा मुस्तैद रहने वाला एक जवान अपने ही घर में हादसे का शिकार हो गया। उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी राहुल पाल की करंट लगने से मौत के बाद रविवार को उनके गांव जगन्नाथपुर मेहरू में अंतिम संस्कार किया गया।

ऐसे हुआ निधन

बताया गया कि शनिवार को राहुल घर पर चल रहे निर्माण कार्य में लगे थे। उसी दौरान बिजली का करंट लग गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। घर में चीख-पुकार मच गई। दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब जब अंतिम यात्रा निकली तो सैकड़ों ग्रामीण साथ हो लिए।

बढ़ापुर थाने से एसआई सिनोद कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। जवानों ने अपने साथी की अर्थी को कंधा दिया। श्मशान घाट पर रायफलों से फायर कर शोक सलामी दी गई। पुलिस के इस सम्मान को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

 पत्नी भी हैं सिपाही

राहुल के परिवार पर तो जैसे पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी वर्षा रानी खुद यूपी पुलिस में आरक्षी हैं। पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं – पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा। अब इन मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया।

गांव वालों ने बताया कि राहुल बहुत ही सीधे और हंसमुख स्वभाव के थे। ड्यूटी के बाद जब भी गांव आते, सबसे मिलते-जुलते थे। उनकी इस तरह अचानक मौत से हर कोई सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *