नोएडा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, रणदीप भाटी गैंग का 50 हजार का इनामी शूटर अमन त्यागी ढेर

Share This

 

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रणदीप भाटी गैंग के कुख्यात शार्प शूटर को मुठभेड़ में मार गिराया। सेक्टर 126 थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुई इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

डीसीपी ने दी जानकारी 

डीसीपी प्रीति यादव ने पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की शाम को SOG टीम और सेक्टर 126 थाने की पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में बदमाश भी गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को कॉर्डन कर लिया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया।

मारे गए बदमाश की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी जैसे एक दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार अमन ने हाल ही में अपने साथियों के साथ मिलकर बादलपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में देवेंद्र भाटी हत्याकांड, झुम्मनपुरा के ठेकेदार की हत्या और जुनपत में हुए दोहरे हत्याकांड में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

 लंबा है इतिहास

बताया जाता है कि अमन का आपराधिक इतिहास लंबा है। साल 2019 में फेज 2 थाना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी और उसे गिरफ्तार किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर सक्रिय हो गया। पहले वह रॉबिन त्यागी गैंग के साथ काम करता था। रॉबिन की दोस्ती रणदीप भाटी से होने के बाद अमन भी रणदीप गैंग में शामिल हो गया और ग्रेटर नोएडा में छिपकर रहने लगा। पुलिस के मुताबिक शार्प शूटर के तौर पर दोनों गैंग में उसकी अहम भूमिका थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *