बुलंदशहर। पुलिसिंग में सख्ती के साथ संवेदनशीलता की तस्वीर सिकंदराबाद थाने में देखने को मिली। मंगलवार रात करीब 8 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान में एक खास पहल की। एसएसपी ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर महिला पुलिसकर्मियों को अपने हाथों से खाना परोसा। अधिकारियों के इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों का ध्यान खींचा।
मिलेंगी कई सुविधाएं
दरअसल, सिकंदराबाद थाने में महिला सुरक्षा और सहायता से जुड़े मिशन शक्ति केंद्र का जीर्णोद्धार कराया गया है। नए रूप में तैयार केंद्र में महिला फरियादियों और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। केंद्र में स्वच्छ पेयजल और आधुनिक वॉशरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
महिला संबंधी शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनका त्वरित निस्तारण करने के लिए केंद्र प्रभारी को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग और उन्हें सरकार की महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के साथ आईपीएस अंतरिक्ष जैन, आईपीएस प्रेमसुख दरिया, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप एजेय, एसपी क्राइम नरेश कुमार और सीओ प्रखर पांडेय समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने परोसा खाना
महिला पुलिसकर्मियों को एसएसपी द्वारा खुद खाना परोसने की पहल को पुलिस विभाग में आपसी सम्मान और टीम भावना के संदेश के तौर पर देखा गया। वहीं, मिशन शक्ति केंद्र के नए स्वरूप से महिला फरियादियों को थाने में शिकायत दर्ज कराने के दौरान अधिक सहज और सम्मानजनक माहौल मिलने की उम्मीद है।
पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य महिला संबंधी मामलों में संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा देना और जरूरतमंद महिलाओं को एक सुरक्षित वातावरण में सहायता उपलब्ध कराना है।