गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में चल रही पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान 24 घंटे के भीतर दो अभ्यर्थियों की मौत हो गई। दोनों अभ्यर्थी दौड़ते समय अचानक गिरकर अचेत हो गए थे। एक अभ्यर्थी की सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ी थी, जबकि दूसरे की मंगलवार सुबह दौड़ के दौरान हालत बिगड़ गई।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में तीन अक्टूबर से नौ अक्टूबर तक पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है। मंगलवार सुबह शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव पूर्माफी निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार दौड़ में शामिल हुए थे। दौड़ते समय वह अचानक गिरकर अचेत हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया।
इससे एक दिन पहले सोमवार सुबह मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के गांव कारब निवासी 27 वर्षीय अतुल कुमार भी दौड़ के दौरान गिरकर अचेत हो गए थे। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान अतुल ने दम तोड़ दिया।
माहौल हुआ चिंताजनक
दो अभ्यर्थियों की लगातार मौत से भर्ती प्रक्रिया में शामिल अन्य अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल दोनों मामलों में मौत के कारणों की चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।