मेरठ। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए मेरठ पुलिस ने ‘वज्र प्रहार अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मीडिया से बातचीत में अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद पिछले 10 दिनों में पुलिस और अपराधियों के बीच 10 मुठभेड़ हो चुकी हैं। इनमें दो घटनाएं लूट के मामलों में वांछित आरोपियों से जुड़ी हैं, जबकि आठ मुठभेड़ गोकशी के आरोपियों के साथ हुई हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद जिले में सक्रिय अपराधियों पर दबाव बढ़ाना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है। अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा रही हैं।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हैं, वे अपना रास्ता बदल लें। उन्होंने कहा कि अपराधी या तो सुधर जाएं, नहीं तो जेल जाने के लिए तैयार रहें।
अफसरों ने कहा ये
मेरठ पुलिस का कहना है कि ‘वज्र प्रहार अभियान’ के जरिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को और व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी अभियान के तहत वांछित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।