हमीरपुर सड़क हादसे में सिपाही बना ‘देवदूत’, CPR देकर गंभीर घायल की बचाई जान

Share This

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा सुमेरपुर थाना क्षेत्र में कुण्डौरा शिव मंदिर के पास हुआ, जहां एक रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 16 घायलों का इलाज शुरू किया गया। इनमें से छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

इसी दौरान जिला अस्पताल में एक घायल की हालत अचानक बेहद गंभीर हो गई। घायल की सांसें लगभग थम चुकी थीं। ऐसे समय में हमीरपुर कोतवाली में तैनात सिपाही आदर्श मिश्रा ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने बिना देर किए घायल को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देना शुरू किया। कुछ ही देर की लगातार कोशिश के बाद घायल की सांसें वापस लौट आईं, जिससे वहां मौजूद डॉक्टरों और परिजनों ने राहत की सांस ली।

हो रही सराहना

सिपाही आदर्श मिश्रा की इस त्वरित कार्रवाई की अस्पताल में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। कई लोगों ने उन्हें ‘देवदूत’ बताते हुए कहा कि सही समय पर दिया गया CPR घायल के लिए जीवनदान साबित हुआ। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *