आजमगढ़ में पुलिस विभाग ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार ने एक उपनिरीक्षक और एक रिक्रूट सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इसलिए हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मेहनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह पर एक दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपित की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए अपेक्षित कार्रवाई न करने का आरोप है। मामले की प्रारंभिक समीक्षा में यह भी सामने आया कि उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से दिए गए निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया। इसे सेवा दायित्वों की अनदेखी और अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने उनके निलंबन के आदेश जारी किए।
वहीं, गंभीरपुर थाने में तैनात रिक्रूट सिपाही रुद्र प्रताप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन पर फरार आरोपित एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए लगाई गई संतरी ड्यूटी का सही ढंग से पालन न करने का आरोप है। जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने ड्यूटी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना।
एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी में लापरवाही या अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि पुलिस व्यवस्था की कार्यकुशलता और जवाबदेही बनी रहे। विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।