यूपी के डीजी फायर सुजीत पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी, बने SVPNPA के नए डायरेक्टर

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में डीजी (फायर सर्विसेज) के पद पर तैनात सुजीत पांडेय को भारत सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) का नया डायरेक्टर नियुक्त किया है। यह अकादमी देश के आईपीएस अधिकारियों के प्रशिक्षण की सर्वोच्च संस्था मानी जाती है। नियुक्ति को लेकर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की मंजूरी के बाद की गई है।

कौन हैं सुजीत पांडे

सुजीत पांडेय वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 1 अगस्त 1968 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। वह प्रशासनिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता नरेंद्र कुमार पांडेय बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी रहे हैं। सुजीत पांडेय ने इतिहास विषय में एमए की पढ़ाई की है और तीन दशक से अधिक के अपने पुलिस सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाई हैं।

उत्तर प्रदेश में उन्होंने मेरठ और आगरा जोन में आईजी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। 4 फरवरी 2018 से 7 जनवरी 2019 तक लखनऊ रेंज के आईजी रहते हुए उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता और प्रभावी कानून-व्यवस्था के लिए अलग पहचान बनाई। इसके बाद 1 जनवरी 2019 को उन्हें एडीजी पद पर पदोन्नत किया गया। डीजीपी के सहायक के रूप में कार्य करने के बाद 26 अगस्त 2019 को उन्हें प्रयागराज का एडीजी बनाया गया।

यहां रहे हैं तैनात

सुजीत पांडेय इससे पहले गाजीपुर, फतेहपुर, मैनपुरी, मऊ, मुरादाबाद, वाराणसी और बुलंदशहर जैसे कई जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्ष 1998 में वह लखनऊ के एसपी सिटी भी रहे। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में करीब सात वर्षों तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं, जहां उन्होंने कई अहम मामलों की जांच और नेतृत्व किया।

उनकी नई नियुक्ति को उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का सम्मान माना जा रहा है। SVPNPA के डायरेक्टर के रूप में अब वह देश के भावी आईपीएस अधिकारियों के प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और पुलिसिंग की आधुनिक कार्यप्रणाली को और मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *