बहराइच में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Share This

उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।

ऐसे हुए एंकाउंटर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पहली कार्रवाई रामगांव थाना क्षेत्र में की गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे और खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज नाम का आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मुल्कराज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार फिरोज लंबे समय से वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ चोरी सहित कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने लगातार दबिश दी। इसी दौरान कैसरगंज थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई के दौरान मुल्कराज को भी घेर लिया गया। पुलिस का दावा है कि उसने भी बचने के लिए गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से भी अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुल्कराज पर तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *