संभल एनकाउंटर में डॉग ‘मैरी’ बनी हीरो, SP के.के. बिश्नोई ने दिया ₹10,000 का इनाम

Share This

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 6 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के जघन्य मामले में फरार चल रहे आरोपी संदीप (34) को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

ऐसे हुआ गिरफ्तार

बबराला-रजपुरा रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। इस दौरान आरक्षी भोलू भी गोली लगने से घायल हो गए।

इस पूरे ऑपरेशन की सबसे खास बात रही पुलिस डॉग स्क्वाड की स्निफर डॉग ‘मैरी’ की भूमिका। 2019 से संभल पुलिस के साथ काम कर रही ‘मैरी’ ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए, जिनके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। अधिकारियों के मुताबिक, मैरी की ट्रैकिंग क्षमता ने जांच को निर्णायक मोड़ दिया।

एसपी ने दिया इनाम

इस सराहनीय कार्य के लिए संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के.के. बिश्नोई ने डॉग ‘मैरी’ को ₹10,000 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उसकी टीम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मैरी जैसे डॉग पुलिस जांच में बेहद अहम भूमिका निभाते हैं।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में पहले ही 19 जून को बबराला थाने में पॉक्सो एक्ट और BNS की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

फिलहाल घायल पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *