योग दिवस पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने दिया फिट रहने का संदेश, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी सम्मानित

Share This

 

 

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शनिवार सुबह योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रही, जिसके तहत बेहतर स्वास्थ्य और सक्रिय जीवन पर जोर दिया गया।

डीजीपी ने लिया भाग

पुलिस मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने योग और प्राणायाम के विभिन्न अभ्यासों में हिस्सा लिया तथा पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में लंबे समय तक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए शारीरिक फिटनेस और मानसिक संतुलन बेहद जरूरी है।

डीजीपी ने कहा कि योग तनाव को नियंत्रित करने, एकाग्रता बढ़ाने और कार्यक्षमता में सुधार लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी जानकारी दी गई।

पांच अफसर हुए सम्मानित

इस अवसर पर योग के प्रति विशेष रुचि और उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाने वाले पांच अधिकारियों को विशिष्ट प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जयनारायण सिंह, प्रताप गोपेन्द्र, विशाल यादव, कृपा शंकर और कमल सिंह शामिल रहे।

योगाभ्यास के बाद कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के संकल्प के साथ हुआ। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि योग केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए, जिससे बेहतर स्वास्थ्य के साथ कार्यक्षमता भी बढ़ाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *