मेरठ में देर रात बड़ा हादसा: तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, सात पुलिसकर्मी घायल

Share This

मेरठ में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना दिल्ली रोड स्थित टीपीनगर गेट के सामने करीब 2:30 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पास खड़ी फैंटम बाइक भी इसकी चपेट में आ गई।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी रात में नियमित गश्त पर निकले हुए थे। जैसे ही उनकी जीप टीपीनगर गेट के पास हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज गति की कार ने अचानक नियंत्रण खोते हुए सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

इस दुर्घटना में कुल सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें जीप चालक रविन्द्र मलिक की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। उन्हें पहले केएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए न्यूटिमा अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, रविन्द्र मलिक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है।

कई पुलिसकर्मी घायल

अन्य घायल पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज न्यूटिमा अस्पताल में जारी है। सभी घायलों की हालत पर डॉक्टरों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *