गोरखपुर। शहर में साहस और सूझबूझ की मिसाल पेश करने वाली युवती अमृता वर्मा को पुलिस प्रशासन ने सम्मानित किया है। 27 अप्रैल को गोला कस्बे में हुई लूट की कोशिश के दौरान अमृता ने न सिर्फ बदमाशों का डटकर सामना किया, बल्कि उनकी बहादुरी से एक बड़ी वारदात टल गई। इस घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये था मामला
जानकारी के मुताबिक, अमृता अपने पिता के साथ दुकान चलाती हैं। घटना वाले दिन सहारनपुर निवासी रेहान और मेंहदी हसन ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। दोनों चांदी की अंगूठियां देखने लगे। इसी दौरान मौका पाकर उन्होंने सोने के आभूषण का पैकेट उठाया और भागने की कोशिश की।
अचानक हुई इस वारदात से घबराने के बजाय अमृता ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों का पीछा करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन बदमाश धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई। टीमों ने तेजी से काम करते हुए सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
एसएसपी ने किया सम्मानित
इस साहसिक घटना के बाद एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने अमृता वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अमृता का साहस समाज के लिए प्रेरणादायक है और ऐसे उदाहरण दूसरों को भी जागरूक और निडर बनने की सीख देते हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।