एडीजी अमिताभ यश के पिता रामयश सिंह का निधन, पुलिस महकमे में शोक

Share This

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के पिता, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रामयश सिंह का रविवार (27 अप्रैल) को निधन हो गया। 83 वर्ष की आयु में उन्होंने लखनऊ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कौन थे IPS रामयश

रामयश सिंह बिहार कैडर के अनुभवी और सम्मानित पुलिस अधिकारी रहे थे। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जहानाबाद और गोड्डा (वर्तमान झारखंड) जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिम्मेदारी संभाली। कर्तव्यनिष्ठ सेवा और बहादुरी के लिए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक से भी सम्मानित किया गया था। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ पहुंच रहे हैं और परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

बेटे भी हैं तेज तर्रार आईपीएस 

वहीं, उनके पुत्र अमिताभ यश उत्तर प्रदेश पुलिस के तेज-तर्रार अधिकारियों में शुमार किए जाते हैं। 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अमिताभ यश मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने संत कबीर नगर के पुलिस अधीक्षक के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।

अमिताभ यश को विशेष रूप से उत्तर प्रदेश एसटीएफ में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है, जहां वे 2007 में एसएसपी नियुक्त किए गए थे। बाद में पदोन्नति पाते हुए वे आईजी और फिर एडीजी स्तर तक पहुंचे। जनवरी 2024 में उन्हें प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *