हरियाणा के करनाल में एक सनसनीखेज हिट एंड रन मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और चालक उसे काफी दूर तक लेकर भागता रहा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये था मामला
यह घटना करनाल के सेक्टर-6 स्थित सरकारी कॉलेज चौक की है, जहां पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान काले शीशों वाली एक संदिग्ध कार वहां से गुजर रही थी। जब पुलिसकर्मी ने वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने आदेश मानने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुलबीर सिंह कार के बोनट पर जा गिरे। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने बोनट को कसकर पकड़ लिया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें काफी दूरी तक उसी हालत में लेकर भागता रहा। बाद में अचानक ब्रेक लगाने पर पुलिसकर्मी नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी बोनट पर लटका हुआ है और चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा है। इसके बाद आरोपी वाहन को पीछे कर मौके से फरार हो गया।
आरोपी पकड़ा गया
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस ने आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।