उत्तर प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली एसपी अंशिका वर्मा ने गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम में सगाई की। इस मौके पर दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और उसके बाद जमकर डांस भी किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस जोड़े की खुशी में शरीक होकर माहौल को और भी खास बना दिया।
जानकारी के मुताबिक, सगाई के बाद अब शादी की तैयारियाँ राजस्थान में की जा रही हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार आज बाड़मेर में हल्दी और संगीत समारोह होगा, जबकि शादी की रस्म 29 मार्च को संपन्न होगी और 30 मार्च को जोधपुर में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
कैसे शुरू हुई लव स्टोरी?
केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की लव स्टोरी गोरखपुर से शुरू हुई थी। साल 2023 में केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी के रूप में तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा एएसपी के पद पर काम कर रही थीं। दोनों की मुलाकात उसी दौरान हुई और केके बिश्नोई ने हाल ही में बताया कि कि अंशिका के काम करने के अंदाज और व्यक्तित्व से वह काफी प्रभावित हुए थे।
कौन हैं अंशिका वर्मा
अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। वे 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और इससे पहले गोरखपुर में भी तैनात रह चुकी हैं। वहीं, केके बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी हैं और 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह संभल जिले के एसपी के पद पर कार्यरत हैं।
यह जोड़ी न सिर्फ पेशेवर रूप से बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी अपने करियर और रिश्ते को बखूबी संतुलित कर रही है। दोनों अधिकारियों की सगाई और आगामी शादी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बनी हुई है।