मुरादाबाद में सिविल लाइंस क्षेत्र की आशियाना चौकी के चौकी इंचार्ज और एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगे हैं। होमगार्ड कर्मचारी अंकित कुमार का आरोप है कि चौकी इंचार्ज विनीत चौधरी ने उन्हें झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर ढाई लाख रुपये की रंगदारी वसूली। इसके बाद पीआरबी में तैनात सिपाही सालिम के नाम पर भी 20 हजार रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर एनकाउंटर जैसी धमकी दी गई। होमगार्ड ने पूरी बात आडियो प्रमाण के साथ एसएसपी मुरादाबाद से साझा की। इस शिकायत के बाद पुलिस ने चौकी इंचार्ज और सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच आदेश दे दिया है।
ये है मामला
घटना के अनुसार, हरथला निवासी होमगार्ड अंकित कुमार पर करीब एक महीने पहले एक महिला ने आशियाना चौकी में दुष्कर्म का आरोप लगाया। होमगार्ड का कहना है कि चौकी इंचार्ज विनीत चौधरी ने इस मामले को हनी ट्रैप के रूप में इस्तेमाल कर उन्हें फंसाने का प्रयास किया। इसके बाद इंचार्ज ने पांच लाख रुपये की मांग की, जिसमें से ढाई लाख रुपये होमगार्ड ने देने के बाद भी बाकी पैसे की डिमांड जारी रही।
अंकित कुमार का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उन्हें कई दिनों तक प्रताड़ित किया और यहां तक कि चौकी में बंधक बनाकर रखा। इसके अलावा, पीआरबी में तैनात सिपाही सालिम ने भी इस दबाव में शामिल होने की कोशिश की। परेशान होमगार्ड ने तीन दिन पहले एसएसपी मुरादाबाद सतपाल अंतिल से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की।
एसएसपी ने की कार्रवाई
एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज विनीत चौधरी और सिपाही सालिम को लाइन हाजिर कर दिया। पूरे मामले की जांच सीओ कुलदीप कुमार को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की धमकी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।